देवघर। दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए देवघर में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर गुरुवार, 5 नवंबर को शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में लड्डू निर्माण करने पर एक प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, एक्सपायर्ड दूध, अस्वच्छ तरीके से रखी चाशनी और अखाद्य रंग से तैयार छोले को मौके पर नष्ट कराया गया।
लड्डू निर्माण स्थल पर मिली गंदगी, लाइसेंस निलंबित
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरि किशुन साह लेन स्थित बबलू कुमार केशरी के लड्डू निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बूंदी लड्डू और बेसन लड्डू के दो नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
निर्माण स्थल पर अस्वच्छ परिस्थितियों में लड्डू तैयार किए जाने का मामला सामने आने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई लगभग 10 लीटर चाशनी को भी मौके पर नष्ट करा दिया गया।
एक्सपायर्ड दूध और अखाद्य रंग वाले छोले नष्ट
निरीक्षण अभियान के दौरान केशरिया स्वीट्स से 12 लीटर एक्सपायर्ड मेधा दूध के दो पैकेट बरामद हुए। विभाग ने इन्हें मौके पर नष्ट कराते हुए प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया।
वहीं, तिवारी चौक स्थित एक छोले-भटूरे के स्टॉल पर छोले में अखाद्य रंग का इस्तेमाल पाए जाने पर लगभग 6 किलोग्राम छोले को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: धनतेरस पर सुरक्षा को लेकर सड़क पर उतरे एसएसपी, बाइक से किया शहर का निरीक्षण
कई मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हरि किशुन साह लेन, कोर्ट रोड, जटाही मोड़ और तिवारी चौक स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान गणेश मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, किशोर गुजराती डोसा, चुलबुल मोमोज स्टॉल, देवघर वेज मंचूरियन, मोमो वाला, द फेमस बिग रोल, तिवारी जी का दुकान और मधुरम स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
टीम ने विभिन्न दुकानों में पनीर, मिठाई, चटनी, मसाले, सांभर, आलू मसाला और सॉस की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की।
खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का इस्तेमाल करने और वैध खाद्य लाइसेंस के साथ ही कारोबार संचालित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, शैलेश कुमार यादव और अंजलि विवा मिंज सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
विभाग ने पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के निरीक्षण अभियान को जारी रखने की बात कही है।


