
आदित्यपुर: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH), आदित्यपुर में मंगलवार को नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथलैब (Cath Lab) का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्यपाल ने विधिवत फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर इस नई स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :MTV Hustle 5 में चमका जमशेदपुर का लाल: दुखों के पहाड़ को पार कर टीवी और ओटीटी पर राज बाबू ने लहराया परचम
कोल्हान के हृदय रोगियों को अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर
उद्घाटन के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अस्पताल प्रबंधन के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में निजी संस्थानों द्वारा ऐसा उन्नत ढांचा खड़ा करना एक सराहनीय कदम है। जब स्थानीय स्तर पर इस स्तर की विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिल जाती हैं, तो मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए बड़े शहरों या दूसरे राज्यों में भटकना नहीं पड़ता।
अस्पताल के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह ने कैथलैब की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कोल्हान क्षेत्र के हृदय रोगियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इस आधुनिक कैथलैब में निम्नलिखित सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी:
एंजियोग्राफी (Angiography)
एंजियोप्लास्टी (Angioplasty)
पेसमेकर इम्प्लांटेशन (Pacemaker Implantation)
चेयरमैन ने कहा कि हार्ट अटैक के मामलों में ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान तुरंत इलाज मिलना जीवनरक्षक साबित होता है। इस केंद्र के शुरू होने से अब आपात स्थिति में मरीजों को जमशेदपुर या बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।


