
जमशेदपुर।
टेल्को के भुवनेश्वरी मंदिर रोड में तेज़ रफ़्तार ब्रेज़ा कार द्वारा कुचले जाले से साढ़े चार वर्षीय नौनिहाल अभिषेक सिंह उर्फ़ गोलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। शनिवार 16 मई को इस घटना में मृत नन्हे गोलू की पहली पुण्यतिथि थी। भोजपुरी नवचेतना मंच ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत इस दिन आक्रोश जताते हुए “काला दिवस” के रूप में मनाया। मंच के सदस्यों ने उपवास रखकर दोषी महिला कार चालक के विरुद्ध स्पीड ट्रॉयल की माँग करते हुए सज़ा दिलाने की माँग की। भोजपुरी नवचेतना मंच के संस्थापक अध्यक्ष अप्पू तिवारी, मंच के महासचिव अंकित आनंद, प्रवीण प्रसाद, सिद्धार्थ पांडेय, मनीष तिवारी समेत अन्य सदस्यों ने अपने अपने घरों में एक वक्त उपवास रखा और शाम में मोमबत्ती जलाकर घटना के प्रति आक्रोश प्रकट किया। इस मामले में डीसी के आदेश के बावजूद अभियुक्त कार चालक महिला के लाइसेंस निलंबित ना होने और जाँच में शिथिलता बरतने के ख़िलाफ़ भी भोजपुरी नवचेतना मंच ने नाराजगी ज़ाहिर की है। शनिवार को जस्टिस फ़ॉर अभिषेक लिखे पोस्ट सोशल मीडिया पर तैर रहे थें जिसमें लोगों ने घटना के प्रति दुःख जाहिर किया और अभियुक्त के विरुद्ध तेज़ जाँच नहीं किये जाने के ख़िलाफ़ गुस्सा ज़ाहिर किया। मंच के संस्थापक अध्यक्ष अप्पू तिवारी ने कहा कि अभियुक्त को एक बड़े कॉरपोरेट घराने से जुड़े अफसरों द्वारा पैरवी के बलपर संरक्षण दिया जा रहा है जिससे मृत नौनिहाल अभिषेक उर्फ़ गोलू के माँ पिता को न्याय मिलने में देरी हो रही है।
