
गिरिडीह/रांची: झारखंड सरकार के दिवंगत कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन के बाद राज्यभर में शोक की लहर है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी उपस्थित रहीं।
“यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत मंत्री के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। मीडिया और शोक संतप्त परिजनों के बीच अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है और यह पूरे झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि अपने छोटे से राजनीतिक जीवन और मंत्री कार्यकाल में सुदिव्य कुमार ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और जुझारू युवा नेतृत्व के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। राज्य उनके जनहित में किए गए योगदान और सेवाओं को हमेशा याद रखेगा।
READ MORE :Jharkhand Big Breaking:झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
कल्पना सोरेन ने भी अर्पित किए पुष्प
मौके पर उपस्थित गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य नेताओं की उपस्थिति में परिजनों और स्थानीय समर्थकों में भी शोक का माहौल व्याप्त रहा। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।


