
रांची। झारखंड सरकार ने नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर राज्य में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।
सरकार के आदेश के अनुसार 6 और 7 सितंबर 2026 को राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान राज्य के उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से ध्वज फहराया जाता है। साथ ही इन दो दिनों में किसी भी प्रकार के आधिकारिक राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।
7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय बंद
राज्य सरकार ने दिवंगत मंत्री के सम्मान में 7 सितंबर 2026, सोमवार को राज्य सरकार के सभी कार्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि
सुदिव्य कुमार का निधन 6 सितंबर 2026 की सुबह गिरिडीह के मर्सी अस्पताल में हुआ। उनकी अंत्येष्टि रविवार को अपराह्न 3:30 बजे गिरिडीह जिले के उसरी नदी-हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी।
अंत्येष्टि को लेकर गिरिडीह के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सुदिव्य कुमार के निधन से झारखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में राजकीय शोक की घोषणा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

