
गिरिडीह/रांची: झारखंड सरकार के दिवंगत कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक-संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
READ MORE :RANCHI NEWS :झारखंड सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर की दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा, 7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद
मुख्यमंत्री ने खुद दिया कंधा, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
श्रद्धांजलि देने के पश्चात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिवंगत मंत्री की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाया तथा दाह संस्कार में सम्मिलित होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। सुदिव्य कुमार सोनू का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देर रात हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण उनका आकस्मिक निधन सरकार और पूरे राज्य के लिए अत्यंत दुखद और विश्वास न करने योग्य है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार ने राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अत्यंत सक्रिय रहकर विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सरकार इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
READ MORE :GIRIDIH NEWS :मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के पैतृक आवास पहुंचकर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
गणमान्य लोगों और हजारों समर्थकों की रही उपस्थिति
इस अंतिम यात्रा के दौरान गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा और दाह संस्कार में मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, विधायकगण, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक व समर्थक शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से अपने प्रिय जननेता को अंतिम विदाई दी।


