
*टाटा स्टील फाउंडेशन एवं जेडीसी टीम के संयुक्त प्रयास से चला सड़क सफाई अभियान*
*सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सचेत हुए टाटा कर्मी – प्रमोद कुमार*
Gamharia News:
सामाजिक दायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता के तहत टाटा स्टील फाउंडेशन एवं टाटा स्टील गम्हरिया की जेडीसी टीम के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को सड़क सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चीफ मिल ऑपरेशंस श्री नीलांजन बिस्वास समेत सुरक्षा विभाग प्रमुख, कोक ओवन विभाग प्रमुख एवं कॉरपोरेट सर्विसेज, गम्हरिया के वरीय अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। अधिकारियों ने स्वयं अभियान में भाग लेकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
अभियान में टाटा स्टील गम्हरिया के विभिन्न विभागों से कुल 45 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया और पूरे समर्पण के साथ सड़क सफाई कार्य किया। इस दौरान स्वच्छ वातावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
हेड (इएस एंड सीआर) प्रमोद कुमार ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हैं, बल्कि कर्मचारियों के बीच टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं।



