
गम्हरिया,
गम्हरिया के मुरुमडीह मैदान में टाटा फाउंडेशन की ओर से आयोजित अंडर-16 एकदिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में गम्हरिया, चांडिल प्रखंड और आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की कुल 12 टीमों ने भाग लेकर ग्रामीण व शहरी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

READ MORE :Jamshedpur News :निर्मल दा झारखंडियों के सच्चे हितैषी थे : महाबीर मुर्मू
नॉकआउट आधार पर आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें सालडीह की टीम ने नीमडीह को 1-0 से मात देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया, जिससे मैदान में खेल प्रेमियों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही।
प्रतियोगिता का उद्घाटन दुगधा पंचायत की सचिव लक्ष्मी मुर्मू ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल को बच्चों के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम बताया और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेल के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर टाटा स्टील गम्हरिया के हेड (इम्प्लॉय सर्विसेज एंड कॉरपोरेट रिलेशन्स) प्रमोद कुमार ने कहा कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का विकास करता है। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल से मिलने वाली सीख जीवन भर साथ देती है। टाटा फाउंडेशन का उद्देश्य है कि गांव-कस्बों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर मिलें।
टूर्नामेंट के आयोजन में टाटा कामगार यूनियन के सहयोग के साथ टीएसएफ के मुकेश कुमार, अजय तंतुबाई और माधुरी कैवर्त की भूमिका सराहनीय रही। समापन सत्र में टीएसजी के एरिया मैनेजर (इम्प्लॉय सर्विसेज एंड कॉरपोरेट रिलेशन्स) महेन्द्र सिंह ने विजेता टीम को बधाई दी और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में टीएसजी के एडमिन, परचेज और सेफ्टी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

✍️ मृत्युंजय बर्मन


