
Gamharia News: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा कांकी मणिपुर गांव गम्हरिया प्रखंड के बुरूडीह पंचायत अंतर्गत कांकी मणिपुर गांव में रोहिण पर्व के पावन अवसर पर आयोजित भोक्ता पूजा का भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य समापन हो गया। पूजा के अंतिम दिन भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत आराधना की। इस दौरान भक्तों ने पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। अनुष्ठान के दौरान पूरे गांव में “हर हर महादेव” का जयघोष गूंजता रहा, जिससे पूरा माहौल शिवमय और भक्तिमय हो गया।

Chhau Nritya: पारंपरिक छऊ नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
भोक्ता पूजा के समापन से ठीक एक रात पहले कांकी मणिपुर गांव में पारंपरिक छऊ नृत्य (Chhau Nritya) और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध ग्रामीण संस्कृति और लोक आस्था की बेहद सुंदर झलक देखने को मिली। छऊ कलाकारों के बेहतरीन प्रदर्शन को देखने और इस सांस्कृतिक उत्सव का गवाह बनने के लिए दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे थे।
Bhokta Puja Ritual: पीठ पर नुकीली कील लगाकर खंभे से लटके भक्त, दिखा अटूट विश्वास
इस धार्मिक उत्सव का सबसे मुख्य और अद्भुत आकर्षण ‘भोक्ता पूजा’ का कठिन अनुष्ठान रहा। इसमें शिव भक्तों (भोक्ताओं) ने भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और कठोर तपस्या का प्रदर्शन किया। भक्तों ने अपनी पीठ पर नुकीली कील (लोहे की हुक) लगवाई और फिर ऊंचे लकड़ी के खंभे के सहारे हवा में लटकते हुए चक्कर काटे। इस हैरतअंगेज और अलौकिक दृश्य को देखने के लिए बुरुडीह, कांकी, रघुनाथपुर, रतनपुर, बैजनाथपुर, गिद्दीबेड़ा, कांड्रा और डुमरा समेत विभिन्न पंचायतों से सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
READ MORE..Jamshedpur News:NowForClimate थीम के तहत टाटा स्टील ने विविध कार्यक्रमों का किया आयोजन
आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस पूरे विशाल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को अनुशासित और सफल बनाने में स्थानीय पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मेघनाथ सिंह सरदार, सचिव सह ग्राम प्रधान विक्रम सिंह सरदार, कोषाध्यक्ष जगरनाथ सिंह सरदार, सक्रिय सदस्य विश्वनाथ सिंह सरदार तथा मुख्य पुजारी मांग सिंह सरदार समेत पूरे ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।


