जमशेदपुर।
होली के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार टर्मिनल से टाटानगर जंक्शन के बीच वन-वे आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है।यह विशेष ट्रेन 16 मार्च को चलाई जाएगी, जिससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से झारखंड तथा पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सुबह 5 बजे आनंद विहार से होगी रवाना
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार ट्रेन संख्या 04432 आनंद विहार टर्मिनल–टाटानगर वन-वे रिजर्व्ड स्पेशल 16 मार्च को सुबह 5 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी।यह ट्रेन अगले दिन दोपहर करीब 1 बजे टाटानगर जंक्शन पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह विशेष ट्रेन रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे विभिन्न शहरों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
ट्रेन के प्रमुख ठहराव में मुरादाबाद जंक्शन, बरेली जंक्शन, लखनऊ जंक्शन, सुलतानपुर रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गढ़वा रोड जंक्शन, डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन, बरवाडीह जंक्शन, बरकाकाना जंक्शन, मुरी जंक्शन और चांडिल जंक्शन शामिल हैं।
READ MORE :Adityapur News :आदित्यपुर स्टेशन से दो यात्री ट्रेनों की शुरुआत, स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
अलग-अलग श्रेणी के कोच होंगे उपलब्ध
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी कोच, स्लीपर क्लास और जनरल सेकेंड क्लास कोच लगाए जाएंगे। इससे विभिन्न वर्ग के यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा करने में आसानी होगी।
यात्रियों से ट्रेन का लाभ उठाने की अपील
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि त्योहारों और छुट्टियों के समय यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए समय-समय पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाता है।उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे इस स्पेशल ट्रेन का लाभ उठाते हुए अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं।





