जमशेदपुर।
वित्तीय वर्ष 2017-2018 के लिए भारत सरकार द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिला के धालभूमगढ़ परियोजना की शांति मुर्मू को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। नामित सेविका को आगामी 7 जनवरी 2019 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
ध्यातव्य है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वित्तीय वर्ष में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं को सम्मानित किया जाता है। महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा प्रत्येक वित्तीय वर्ष में पूरे राज्य से बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं की सूची से कुछ नामों का चयन कर भारत सरकार को भेजा जाता है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राज्य से प्राप्त सूची के आधार पर दो नामों का चयन किया जाता है। इस वर्ष पूर्वी सिंहभूम की धालभूमगढ़ प्रखंड के दिरांग आंगनबाड़ी केंद्र की शांति मुर्मू को पुरस्कार हेतु चुना गया है। उनके साथ ही रांची से एक अन्य आंगनबाड़ी सेविका का चयन भी पुरस्कार हेतु किया गया है।




