
आगामी 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा (यूजी)-2026 को पूरी तरह सफल, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बुलाई गई थी।

4 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी परीक्षा
बैठक के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सभी दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नीट (यूजी)-2026 के सफल संचालन हेतु कुल 04 (चार) परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर परीक्षा अपराह्न 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संचालित की जाएगी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व केंद्राधीक्षकों को कड़ा निर्देश दिया कि वे समय रहते सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर लें।
READ MORE..DEOGHAR NEWS: उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने किया श्रावणी मेला रूटलाइन का निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
परीक्षा केंद्रों पर मिलेंगी एम्बुलेंस और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं
उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, दिव्यांग बच्चों हेतु व्हीलचेयर, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और बैठने की समुचित व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सभी तय सुरक्षा मानकों की जांच कर उन्हें ससमय दुरुस्त करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर फील्ड में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखेंगे और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।
20 जून को होगा मॉक ड्रिल, सीसीटीवी से होगी निगरानी
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी) के दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा उपायुक्त ने 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा। कदाचार पर पूर्ण लगाम लगाने के उद्देश्य से सभी केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी में रखा जाएगा। परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय केंद्र के मुख्य द्वार पर ही पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) ली जाएगी ताकि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अंदर न जा सके।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: डीएवी पब्लिक स्कूल बिस्टुपुर में तीन दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का समापन, 7 स्कूलों के 285 शिक्षक हुए शामिल
जिला नियंत्रण कक्ष रहेगा पूरी तरह एक्टिव
उपायुक्त ने परीक्षा के सफल संचालन और मॉनिटरिंग के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) को पूरी तरह एक्टिव रखने का कड़ा निर्देश दिया है। नियंत्रण कक्ष परीक्षा समाप्ति तक लगातार एक्टिव मोड में रहेगा ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत एक्शन लिया जा सके।
इस बैठक में उपविकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, डीआरडीए निदेशक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

