
रिपोर्ट आनंद किशोर

राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह से रेस हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को पुख्ता करने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र और कांवरिया रूटलाइन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने दुम्मा बॉर्डर, कोठिया टेंट सिटी, आईएसबीटी, भलुवा और परित्राण जैसे प्रमुख स्थलों का जायजा लिया और अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया।
टेंट सिटी में सुरक्षा, हाइजीन और वेंटिलेशन पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त बाघमारा बस स्टैंड के बाद कोठिया में बन रहे टेंट सिटी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के रहने के लिए बेहतरीन वेंटिलेशन, हाइजीन और चौबीस घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने टेंट सिटी का फायर और इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शौचालयों की दूरी टेंट सिटी से एक निश्चित दायरे में हो ताकि स्वच्छता बनी रहे और श्रद्धालुओं को साल दर साल बेहतर अनुभव मिले।
READ MORE..Aaj Ka Rashifal:18 जून 2026 गुरुवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
कांवरिया पथ पर बिछेगी महीन बालू, सुगम होगी पैदल यात्रा
श्रद्धालुओं की पैदल यात्रा को सुगम बनाने के लिए उपायुक्त ने दुम्मा बॉर्डर से पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को पूरे रूटलाइन में सिर्फ महीन बालू बिछाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि कांवरियों के पैरों में छाले न पड़ें। इसके साथ ही रूटलाइन में लटक रहे बिजली के तारों को दुरुस्त करने, चापाकलों के आसपास सफाई रखने और अतिक्रमण को तुरंत हटाने का आदेश दिया।
गर्मी को देखते हुए 24 घंटे पानी और सफाई की व्यवस्था
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल और नगर निगम को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र और रूटलाइन में 24 घंटे निर्बाध पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। नलों से निकलने वाला पानी सड़कों या रास्तों पर न बहे, इसके लिए ड्रेनेज को दुरुस्त रखने को कहा गया है। जगह-जगह वाटर कूलर्स और इंद्र वर्षा (वाटर फॉगर्स) की भी व्यवस्था की जाएगी।
READ MORE..ADITYAPUR NEWS :NEWS: सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत मॉप-अप दिवस का सफल आयोजन
अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक
सुरक्षा के लिहाज से उपायुक्त ने दुम्मा से खिजुड़िया मोड़ तक के पूरे क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) देवघर और संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सरकारी भवनों, वन विभाग के शेड और कांवरिया पथ के आसपास हो रहे अतिक्रमण को अगले आदेश तक पूरी तरह प्रतिबंधित करें।


