
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ में है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न पेड़ा दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।


पेड़ा दुकानों का सघन निरीक्षण और स्वच्छता जांच
निरीक्षण अभियान के दौरान उड़नदस्ता दल ने माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड की विस्तृत जांच की। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुरूप दुकानों में स्वच्छता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था और लाइसेंस संबंधी अभिलेखों को खंगाला। सभी दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे स्वच्छता मानकों का पूर्णतः पालन करें और श्रद्धालुओं को केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही बेचें।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS :ISL से हटने के फैसले पर पुनर्विचार नहीं करेगी टाटा स्टील, ग्रासरूट डेवलपमेंट पर रहेगा पूरा फोकस: डीबी सुंदर रामम
1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा जेसीबी से नष्ट
कार्रवाई के क्रम में ओमजी पेड़ा भंडार से पूर्व रात्रि विधिवत जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में नियमानुसार जेसीबी मशीन से पूरी तरह नष्ट करा दिया गया। इस कठोर कदम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मिलावटी या असुरक्षित पेड़ा किसी भी परिस्थिति में पुन: बाजार में बिक्री के लिए न पहुंचे या उपभोग में न आए।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर ने स्पष्ट किया है कि पूरे श्रावणी मेला की अवधि में यह निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा। मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
READ MORE..DEVGHAR NEWS: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संभाला मोर्चा, बाबा मंदिर और रूटलाइन का लिया जायजा
कारोबारियों और श्रद्धालुओं से विशेष अपील
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को केवल सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री बेचने तथा बिना वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के कारोबार न करने की हिदायत दी है। जिन दुकानदारों के पास लाइसेंस नहीं है, वे जल्द से जल्द विभागीय लाइसेंस प्राप्त करें। साथ ही श्रद्धालुओं एवं आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।


