
श्रावणी मेले के चौथे दिन रूटलाइन का औचक निरीक्षण
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अहले सुबह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा मंदिर प्रांगण और आसपास के विभिन्न रूटों का सघन औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बाबा नगरी आने वाले कांवरियों और शिवभक्तों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बाधारहित वातावरण प्रदान करना है। उपायुक्त ने तिवारी चौक, बीएड कॉलेज, शिवराम झा चौक और क्यू कॉम्प्लेक्स का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार व्यवस्था को निरंतर सुचारू रखा जाए ताकि किसी भी मोड़ या चौक पर श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।


कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए लाइव मॉनिटरिंग
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विशेष रूप से बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां उन्होंने बड़ी स्क्रीन और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र, कांवरिया रूट, जलार्पण कतार और विभिन्न चौक-चौराहों की लाइव मॉनिटरिंग की। उन्होंने तकनीकी कर्मियों को निर्देश दिया कि भीड़ के दबाव और कतार की स्थिति पर पैनी नजर रखें ताकि कहीं भी गति धीमी होने पर तुरंत रिस्पांस टीम को सक्रिय किया जा सके।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS :श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय में उमड़ा आस्था का सैलाब, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाबा भोलेनाथ का किया जलाभिषेक
स्वास्थ्य केंद्रों और अमानत घरों का लिया जायजा
मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने, जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, आगामी सोमवारी के मद्देनजर मातृत्व विश्राम गृहों और क्यू कॉम्प्लेक्स स्थित अमानत घरों (क्लॉक रूम) का जायजा लेते हुए माताओं-शिशुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं और कांवरियों के सामान की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS:टाटा स्टील के जमशेदपुर एफसी (JFC) बंद करने के फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरे फैंस, उग्र आंदोलन की चेतावनी
सुरक्षा व्यवस्था और ‘सेवा भाव’ से ड्यूटी का संदेश
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मोड़ों पर बने पुलिस ओपी का निरीक्षण कर पुलिस पदाधिकारियों को हर वक्त मुस्तैद रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के सख्त निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस जवानों को स्पष्ट लहजे में कहा कि राजकीय श्रावणी मेला में ड्यूटी केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सेवा का पुनीत अवसर है। सभी कर्मी ‘सेवा भाव’ से श्रद्धालुओं की सहायता करें ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्त देवघर से सुखद अनुभव लेकर लौटें।
मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी मौजूद थे।


