
देवघर


राजकीय श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। देश-विदेश से पहुंचे लाखों शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संपूर्ण मेला क्षेत्र में स्थापित 34 सूचना सह सहायता केंद्र और 10 मातृत्व विश्राम केंद्र ‘सेवा ही संकल्प’ के ध्येय वाक्य के साथ 24 घंटे सक्रिय रहे। मेला क्षेत्र में तैनात कर्मियों ने आधुनिक तकनीक और त्वरित संचार व्यवस्था के बल पर श्रद्धालुओं को हर संभव मदद पहुंचाई।
34 सूचना सह सहायता केंद्रों से मिली त्वरित मदद
पहली सोमवारी के भारी दबाव के बीच 34 सूचना सह सहायता केंद्र कांवरियों के लिए सबसे बड़े मददगार साबित हुए। इन केंद्रों के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को सुलभ जलार्पण, मार्ग निर्देशन, स्वास्थ्य सेवा और खोए-पाए सामानों की सटीक जानकारी दी गई। उच्च तकनीक से लैस इन केंद्रों ने भीड़ में अपनों से बिछड़े लोगों को मिलाने में त्वरित भूमिका निभाई, जिससे दूर-दराज से आए कांवरियों को काफी राहत मिली।
READ MORE..DEOGHAR NEWS: श्रावणी मेला 2026: 1060 किलो मिलावटी पेड़ा जेसीबी से किया गया नष्ट, मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई
महिला श्रद्धालुओं के लिए वरदान बने 10 मातृत्व विश्राम केंद्र
मेला क्षेत्र में महिला कांवरियों, धात्री माताओं और छोटे शिशुओं की विशेष सुविधा के लिए 10 मातृत्व विश्राम स्थलों का संचालन किया जा रहा है। अत्यधिक भीड़ के बावजूद महिला कर्मियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला श्रद्धालुओं को विश्राम, नवजातों को दुग्धपान और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।
READ MORE..DEVGHAR NEWS: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संभाला मोर्चा, बाबा मंदिर और रूटलाइन का लिया जायजा
बिहार से पहुंचीं अंजू बम और धनबाद की बिन्नी बम ने इन विश्राम गृहों की व्यवस्था की जमकर सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि लंबी और थकाऊ पैदल यात्रा के बाद यह व्यवस्था महिला कांवरियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। वहीं छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहीं संजू बम ने बताया कि प्रशासन ने बच्चों के लिए तत्काल दूध की व्यवस्था कराकर मां और बच्चे दोनों की सहूलियत का पूरा ध्यान रखा है।
जिला प्रशासन की इस दुरुस्त व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया और मानवीय सेवा भाव की वजह से राजकीय श्रावणी मेला में आए श्रद्धालु काफी संतुष्ट नजर आ रहे हैं।



