
देवघर: आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर परिसदन के सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने की। बैठक में देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और नई तकनीकों के उपयोग को लेकर विभागवार अद्यतन स्थिति की जानकारी दी।

31 जुलाई से शुरू होगा मेला, VIP एंट्री बंद
मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि राजकीय श्रावणी मेला का शुभारंभ 31 जुलाई से हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला झारखंड राज्य का सबसे बड़ा उत्सव और राज्य का मुकुट है। इस बार आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला अवधि के दौरान ‘आउट ऑफ टर्न दर्शन’ यानी वीआईपी (VIP) और वीवीआईपी (VVIP) दर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा, ताकि कतार में खड़े आम भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुलभ जलार्पण कर सकें।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण का रास्ता साफ, 100 हेक्टेयर भूमि पर शुरू होगा पहले चरण का काम
फोर लेन कार्य और बुनियादी सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान देवघर और बासुकीनाथ फोर लेन कार्य को मेला शुरू होने से पहले आपसी समन्वय के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति, पथ निर्माण, नगर निगम, जनसम्पर्क, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य, और पुलिस विभाग के अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सारे कार्य निपटाने के लिए कहा गया है। मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे चालू रहने वाले टेंट सिटी, अस्थाई थाना (OP), ट्रैफिक पोस्ट, शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने की हिदायत दी गई है।
तकनीक का इस्तेमाल और गर्मी से राहत के उपाय
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए इस बार क्यूआर (QR) कोड आधारित फीडबैक सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे जिला प्रशासन सीधे भक्तों की समस्याओं को जानकर त्वरित कार्रवाई कर सकेगा। इसके अतिरिक्त, गर्मी को देखते हुए मेला क्षेत्र में ‘इंद्र वर्षा’ और मिस्ट कूलिंग सिस्टम की संख्या बढ़ाई जाएगी।
READ MORE..Jamshedpur News :बहुभाषीय साहित्यिक संस्था सहयोग की कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, भविष्य की बनी रणनीति
खतरनाक डबल डेकर वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध
सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा फैसला लेते हुए मंत्री ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डबल डेकर (दो मंजिला) ढांचा बनाकर या अत्यधिक भीड़ लादकर आने वाले वाहनों पर देवघर जिला सीमा में पूरी तरह से रोक रहेगी। प्रवेश द्वारों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की विशेष टीमें ओवरलोडेड और अवैध रूप से संशोधित ट्रॉलियों की निगरानी करेंगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए केवल बस, रेल या अधिकृत यात्री वाहनों का ही उपयोग करें।


