
पारस सिंह झा



देवघर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर देवघर में राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। सोमवार को फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के सभागार में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें जिले के कलाकारों ने गायन, भजन, गजल और शास्त्रीय एवं कथक नृत्य की प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने झारखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की समृद्ध लोक कला और संस्कृति ही उसकी वास्तविक पहचान है। इसे संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।
नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देवघर के युवा प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं। प्रशासन ऐसे रचनात्मक आयोजनों को हमेशा प्रोत्साहित करता रहेगा।
गायन, भजन और गजल की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में गायन प्रतियोगिता के तहत सुनंदा सांतरा, रोशन मिश्रा, नारायण, दिव्या श्रुति, काजोल बैदया, रवि कांत ठाकुर, जयवर्धन शर्मा और अनन्या भारद्वाज ने अपनी गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
भजन गायन में संगीत साक्षी और हर्ष राज सिंह ने प्रस्तुति दी, जबकि गजल गायकी में आयुष अमन, शाश्वत कुमार और मृगांक रजक ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
शास्त्रीय एवं कथक नृत्य की श्रेणी में अंजली प्रियदर्शनी, आस्था कश्यप, शिवांगी और रिया की प्रस्तुतियों को दर्शकों की सराहना मिली।
प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता में अंजली प्रियदर्शनी ग्रुप और आस्था कश्यप ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवांगी ग्रुप दूसरे स्थान पर रहा।
गायन प्रतियोगिता में अनन्या भारद्वाज ने प्रथम, नारायण ने द्वितीय और शाश्वत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के प्रधानाचार्य डॉ. नृपेंद्र सिंह लिंगवाल, जिला सांख्यिकीय पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, संस्थान की टीम, डीएमएफटी की टीम और विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी उपस्थित थे।




