
चाईबासा। कोल्हान विश्वविद्यालय (Kolhan University) के विभिन्न स्नातकोत्तर (PG) विभागों में रिसर्च करने की चाह रखने वाले होनहार छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है। विश्वविद्यालय के ‘अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ’ (R&D Cell) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी (Ph.D.) में चयनित अभ्यर्थियों के दाखिले की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। जारी शेड्यूल के मुताबिक, मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले छात्र 22 जून 2026 से लेकर 7 जुलाई 2026 तक अपने संबंधित विभागों में जाकर नामांकन करा सकेंगे।

दाखिले के लिए 10 हजार रुपये तय हुआ शुल्क
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पीएचडी में दाखिला लेने वाले सभी शोधार्थियों के लिए नामांकन शुल्क (Admission Fee) 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को यह राशि तय समयसीमा के भीतर जमा करनी होगी। 7 जुलाई की शाम के बाद किसी भी अभ्यर्थी के नामांकन के दावे पर विचार नहीं किया जाएगा, इसलिए छात्रों को समय रहते अपनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
30+ JRF होल्डर्स का चयन कोल्हान विवि के लिए बड़ा जंप
इस बार की चयन सूची कोल्हान विश्वविद्यालय के अकादमिक इतिहास में एक सुखद संकेत लेकर आई है। विभिन्न विषयों में कुल 89 शोधार्थियों का चयन फाइनल दाखिले के लिए हुआ है। सबसे खास बात यह है कि इन 89 में से 30 से अधिक अभ्यर्थी ‘जूनियर रिसर्च फेलोशिप’ (JRF) क्वालीफाई हैं। शिक्षा जगत के जानकारों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में जेआरएफ पास होल्डर्स का कोल्हान को चुनना यहां के सुधरते शैक्षणिक माहौल और उत्कृष्ट शोध-संस्कृति का सीधा प्रमाण है।
‘रिसर्च से ही बनती है यूनिवर्सिटी की असली साख’
इस मौके पर कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति अंजिला गुप्ता ने सभी 89 चयनित शोधार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की वैश्विक और राष्ट्रीय पहचान उसकी बड़ी इमारतों से नहीं, बल्कि वहां होने वाले रिसर्च की उच्च गुणवत्ता से तय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी नए स्कॉलर्स अपनी रिसर्च के जरिए कोल्हान प्रमंडल, झारखंड और देश की तरक्की में कोई ठोस व व्यावहारिक योगदान देंगे।
वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है पूरी मेरिट लिस्ट
अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने बताया कि सभी चयनित उम्मीदवारों की विषयवार सूची, जरूरी दिशा-निर्देश और मांगे गए दस्तावेजों की पूरी लिस्ट कोल्हान विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (kolhanuniversity.ac.in) पर लाइव कर दी गई है। विवि प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम दिनों के सर्वर डाउन या भीड़भाड़ से बचने के लिए 22 जून को ही अपने संबंधित पीजी हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) से संपर्क कर अपना एडमिशन सुनिश्चित कर लें।

