
चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा की छात्राओं को अब रोजगार के लिए जरूरी सॉफ्ट स्किल का निःशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। इस दिशा में विश्वविद्यालय और महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल ‘महिंद्रा प्राइड क्लासरूम’ का क्रियान्वयन करने वाली नांदी फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में संवाद कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और रोजगार संबंधी दक्षताओं को बढ़ावा देना है।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. अमर कुमार, उप-कुलसचिव मुरली कुमार मिश्रा, झारखंड के स्टेट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर रिंकू सिंह, ईस्ट एंड नॉर्थ ईस्ट के प्रोग्राम मैनेजर मृत्युंजय कुमार, अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट निदेशक डॉ. सुनीता कुमारी, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिंह, प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती, सीवीसी डॉ. प्रभात कुमार सिंह तथा एनएसएस निदेशक एवं मीडिया सह-प्रवक्ता डॉ. मीनाक्षी मुंडा उपस्थित थीं।
किन छात्राओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण?
समझौते के तहत बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, बीबीए और एमबीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतिम दो वर्षों में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव है। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को बेहतर संवाद करने, साक्षात्कार का सामना करने, आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और कार्यस्थल की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
रोजगार और व्यक्तित्व विकास पर रहेगा जोर
महिंद्रा प्राइड क्लासरूम, महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह की सीएसआर पहल है, जिसका क्रियान्वयन नांदी फाउंडेशन करता है। नांदी फाउंडेशन शिक्षा, कौशल विकास और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित करता है।
कोल्हान विश्वविद्यालय और नांदी फाउंडेशन के बीच हुआ यह समझौता छात्राओं को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने में मददगार साबित हो सकता है। इससे छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल को बढ़ावा मिलेगा।


