
चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू), चाईबासा के सातवें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। विश्वविद्यालय का सातवां दीक्षांत समारोह आगामी 29 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को अधिसूचना जारी करते हुए विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन और आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 17 सितंबर तक बढ़ी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए उपाधि प्राप्त करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।अब विद्यार्थी 17 सितंबर 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।पहले यह अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई थी। आवेदन से संबंधित अन्य सभी नियम और शर्तें पूर्व में जारी अधिसूचना के अनुसार ही लागू रहेंगी।
गैर-टॉपर्स और पीएचडी शोधार्थियों के लिए विशेष नियम
दीक्षांत समारोह में पीजी के वैसे विद्यार्थी, जो टॉपर्स की श्रेणी में नहीं आते हैं, वे भी शामिल होकर अपनी डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें निर्धारित आवेदन फॉर्म के साथ 500 रुपये का शुल्क जमा करना होगा।वहीं, पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले वैसे शोधार्थी, जिनकी उपाधि संबंधी अधिसूचना 31 जुलाई 2026 तक जारी हो चुकी है, वे 2000 रुपये का शुल्क जमा कर दीक्षांत समारोह में अपनी डिग्री ले सकेंगे।निर्धारित शुल्क डिमांड ड्राफ्ट (DD) अथवा चालान के माध्यम से ‘रजिस्ट्रार, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा’ के पक्ष में जमा करना होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज और अन्य जानकारियां
दस्तावेज: रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड, मार्कशीट, आधार कार्ड, मैट्रिक बोर्ड का प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो जमा करना अनिवार्य होगा।
तैयारी: कुलपति अंजिला गुप्ता ने सभी गठित समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है।
वेबसाइट: दीक्षांत समारोह से संबंधित विस्तृत जानकारी और रजिस्ट्रेशन फॉर्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (www.kolhanuniversity.ac.in) पर उपलब्ध है, जहां से विद्यार्थी फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।

