
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सह पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुआ को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास समेत अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार को पार्टी नेताओं ने चक्रधरपुर स्थित उनके आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में श्रद्धासुमन अर्पित कर दिवंगत लक्ष्मण गिलुआ के आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष गूँजन यादव समेत अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। मौके पर पूर्व सीएम रघुवर दास ने स्वर्गीय लक्ष्मण गिलुआ के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लक्ष्मण गिलुआ का सम्पूर्ण जीवन गरीब-गुरबा खासकर आदिवासी समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। राज्य में जब भी भाजपा की सरकार आयेगी उनके अधूरे सपने को पूरा करने के लिए चक्रधरपुर को अलग जिला बनाया जायेगा।


इस अवसर पर पूर्व सांसद चित्रेण सिंह सिंकू, पूर्व विधायक पुतकर हेम्ब्रम, गुरुचरण नायक, जवाहरलाल बानरा, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गूँजन यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, पश्चिम सिंहभूम भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन पूर्ति, कुलवंत सिंह बंटी, महानगर जिला महामंत्री राकेश सिंह, भूपेंद्र सिंह समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

