
बिहार राज्य में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए वर्तमान में बिहटा (पटना) स्थित 9वीं बटालियन एनडीआरएफ की कुल 17 टीमें राज्य के 12 जिलों में मुस्तैदी से तैनात है। 03-03 टीमें पटना और गोपालगंज जिले में, 02 टीमें पूर्वी चम्पारण जिला में, 01-01 टीम क्रमशः पश्चिम चम्पारण, सारण, सुपौल, कटिहार, किसनगंज, मुजफ्फरपुर, बक्सर, भोजपुर और वैशाली जिले में तैनात है ।


9वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमान्डेंट विजय सिन्हा ने बताया कि रविवार को स्थानीय प्रशासन के समन्वय से टीम कमान्डर नितेश कुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम गोपालगंज जिले के बाढ़ प्रभावित बैकुण्ठपुर प्रखण्ड में तथा टीम कमान्डर राजन कुमार के नेतृत्व में एक टीम पूर्वी चम्पारण जिले के संग्रामपुर प्रखण्ड में रेस्क्यू ऑपरेशन किया। इस दौरान 300 से अधिक बाढ़ विभीषिका में फँसे लोगों को एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने मोटर बोट से सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया। इसमें महिलाएं, वृद्ध, बच्चे, गर्भवती महिलाएं और मरीज शामिल थे। उन्होंने आगे बताया कि स्थानीय प्रशासन के समन्वय से बाढ़ आपदा में फँसे लोगों को त्वरित मदद पहुँचाने में हमारे एनडीआरएफ के बचावकर्मी दिन-रात तत्पर व तैयार है और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं।
उन्होंने आगे जानकारी साझा करते हुए बताया कि बाढ़ राहत एवं बचाव ऑपेरशन के दौरान एनडीआरएफ के हमारे बचावकर्मी कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के सुरक्षात्मक दिशा-निर्देश और प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कर रहे हैं।

