एस-टाइप मैदान में पार्क, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना; डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा- किसी से नहीं लिया जाएगा शुल्क, विरोधी खेमा वार्ड सभा से रहा नदारद
आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। मंगलवार शाम आयोजित वार्ड सभा में मैदान के विकास से जुड़े सभी 10 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए। पार्षद अंजू सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्थानीय निवासियों ने भाग लेकर योजना पर अपनी सहमति जताई। वहीं, योजना का विरोध कर रहा विपक्षी खेमा बैठक से अनुपस्थित रहा।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: कल्पनापुरी के श्मशान जंगल में खूनी संघर्ष, शराब की बोतल से हमला कर युवक की निर्मम हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
आम जनता के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा मैदान: डिप्टी मेयर
बैठक में मौजूद आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने मैदान को पार्क के रूप में विकसित करने के बाद प्रवेश शुल्क वसूले जाने की आशंकाओं को निराधार बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित परिसर आम जनता के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। जनता की सहमति से पारित 10 प्रस्तावों के आधार पर ही विकास कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने अटल पार्क के पूर्व वेंडर का उदाहरण देते हुए कहा कि जीएसटी और राजस्व जमा नहीं करने तथा मनमानी की शिकायतों के कारण उसका ठेका रद्द किया गया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एस-टाइप मैदान के विकास में जनहित और पारदर्शिता सर्वोपरि रहेगी।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: डब्ल्यू टाईप मैदान में कार्तिक माहात्म्य पर मिलन समारोह, सरयू राय और मेयर संजय सरदार समेत कई गणमान्य हुए शामिल
बोर्ड बैठक के बाद तैयार होगा डीपीआर
नगर निगम के कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार झा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर स्थानीय लोगों की राय जानने के लिए वार्ड सभा आयोजित की गई थी। बैठक में किसी भी प्रस्ताव पर असहमति सामने नहीं आई। अब इन प्रस्तावों को नगर निगम की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद कंसल्टेंट के माध्यम से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर अनुमोदन के लिए रांची भेजी जाएगी।
मैदान में विकसित होंगी आधुनिक खेल और मनोरंजन सुविधाएं
पार्षद प्रतिनिधि संजीव सिंह ‘बबुआ’ ने बताया कि पार्षद अंजू सिंह की ओर से महापौर को सौंपे गए 12 सूत्री मांग पत्र के आधार पर सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की गई है।
योजना के तहत मैदान में दुर्गा पूजा, काली पूजा और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए स्थान सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अलावा बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम तथा वॉकिंग ट्रैक विकसित किए जाएंगे।
मैदान में दूधिया रोशनी की व्यवस्था, डीप बोरिंग, नई घास लगाने और पार्किंग की सुविधा भी प्रस्तावित है। अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से मैदान के पूर्वी छोर पर 10 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा।
इस विकास योजना के पूरा होने के बाद एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान स्थानीय लोगों के लिए धार्मिक, सामाजिक, खेलकूद और मनोरंजन गतिविधियों का एक बेहतर सार्वजनिक केंद्र बन सकेगा।


