आदित्यपुर में दोपहर तीन बजे हुई वारदात, शराब पीने के दौरान विवाद के बाद खूनी संघर्ष; पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित कल्पनापुरी श्मशान भूमि के समीप जंगल में मंगलवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक पर शराब की बोतल से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस वारदात को युवक के साथ शराब पी रहे दो साथियों ने अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपियों के फरार होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने श्मशान भूमि से सटे जंगल और आसपास के रास्तों की घेराबंदी कर दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों संदिग्धों को बल प्रयोग कर अपने कब्जे में ले लिया।
READ MORE :BIHAR RAILWAY NEWS: छठ के बाद बिहार से दिल्ली-मुंबई जाने के लिए स्पेशल ट्रेनें, नवंबर-दिसंबर में सीटों की उपलब्धता की पूरी लिस्ट देखें
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अपने दो साथियों के साथ जंगल के सुनसान हिस्से में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दोनों साथियों ने शराब की बोतल से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौत हो गई।
READ MORE :BIHAR-JHARKHAND-UP NEWS: छठ के बाद घर लौटने वालों के लिए रेलवे की बड़ी राहत, दिल्ली-मुंबई-पुणे के लिए स्पेशल ट्रेनें,देखें पूरी लिस्ट
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई थी।
पुलिस शव की पहचान कराने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है।



