
आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वॉर्ड संख्या-22 स्थित ऐतिहासिक ‘एस टाइप दुर्गा पूजा मैदान’ के सौंदर्यीकरण और वहां पार्क निर्माण के प्रस्ताव का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। लोगों ने इस प्रस्ताव के लिए निकाली गई 80 लाख रुपये की निविदा (टेंडर) को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: पीएम मोदी ने बदली भारतीय राजनीति की परिभाषा, 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी
खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एकमात्र सहारा है मैदान
श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी और सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने नगर निगम के महापौर संजय सरदार और नगर आयुक्त एजाज अनवर से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।पूजा कमिटी के अध्यक्ष बबलू सिंह ने कहा कि यह मैदान सिर्फ खाली जमीन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक आत्मा है। यदि यहाँ पार्क और चहारदीवारी बन गई, तो बच्चों के खेलकूद का स्थान छिन जाएगा।यह मैदान दुर्गा पूजा, छठ घाट और गरीब-मध्यमवर्गीय परिवारों के वैवाहिक कार्यक्रमों का एकमात्र निशुल्क सहारा है, जिसे ‘सामुदायिक खेल एवं सांस्कृतिक मैदान’ घोषित किया जाना चाहिए।कमिटी के संरक्षक मनोज सिंह ने कहा कि जनता विकास की विरोधी नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर खेल और परंपरा का विनाश बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों ने स्थानीय पार्षद के खिलाफ भी अपनी नाराजगी जाहिर की।
जनभावनाओं का सम्मान करते हुए टेंडर प्रक्रिया स्थगित: महापौर
स्थानीय लोगों की शिकायत सुनने के बाद महापौर संजय सरदार ने बताया कि यह एक पुरानी योजना थी। वॉर्डवासियों की आपत्तियों और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए फिलहाल इस निविदा प्रक्रिया को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। आम सहमति बनने के बाद ही कोई अगला कदम उठाया जाएगा।उपस्थिति: विरोध प्रदर्शन के दौरान जयंत श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद सुधीर कुमार सिंह, राणा सिंह, संजीव सिंह उर्फ पाव, संजय शर्मा, पवित्रो बर्मन, पप्पू सिंह, ललन प्रसाद बक्शी सहित कई लोग उपस्थित थे।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :न्यू डिस्को क्लब का गणेश पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खुला: एसपी ने विधि-व्यवस्था का लिया जायजा, शांति व सद्भाव की अपील
हर हाल में हटेगा अतिक्रमण, पूरा होगा विकास कार्य: पार्षद अंजू सिंह
वहीं, इस विरोध को लेकर नगर निगम की स्थानीय पार्षद अंजू सिंह और पार्षद प्रतिनिधि संजीव सिंह उर्फ बबुआ ने कड़ा पलटवार किया है।अंजू सिंह ने स्पष्ट किया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के कारण बिना मतलब का विरोध कर रहे हैं। आम जनता के सहयोग से मैदान का कायाकल्प किया जा रहा है, ताकि बच्चे खेल सकें और बुजुर्ग टहल सकें। उन्होंने साफ कहा कि योजना रद्द नहीं होने दी जाएगी और अतिक्रमण हर हाल में हटेगा।पार्षद प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि मैदान के पिछले हिस्से में कई लोगों ने अवैध कब्जा कर गाड़ियां और मलबा जमा कर रखा है। वे लोग डर रहे हैं कि सौंदर्यीकरण से उनका कब्जा छिन जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैदान में बास्केटबॉल कोर्ट, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की जा रही है, जो पूरी तरह जनता और शादी-समारोहों के लिए खुला रहेगा।


