
आदित्यपुर: आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले रेल यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भविष्य में और भी कई नई ट्रेनों की सौगात मिलने की उम्मीद है। दरअसल, दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) के चक्रधरपुर मंडल ने आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। स्टेशन की क्षमता बढ़ाने और भविष्य की यात्री ट्रेनों की आवश्यकताओं को देखते हुए, रेलवे ने यहां पर यात्री ट्रेनों के रखरखाव (Maintenance) और ठहराव के उद्देश्य से नई रेल लाइनें बिछाने का निर्णय लिया है।
READ MORE :Adityapur Railway Station: ट्रेनों के परिचालन में होगा बड़ा सुधार! SER ने आदित्यपुर यार्ड के लिए जारी किया करोड़ों का टेंडर, जानें क्या है पूरा प्लान
9.33 करोड़ की लागत से बिछेंगी अतिरिक्त लाइनें
दक्षिण पूर्व रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (इंजीनियरिंग), चक्रधरपुर द्वारा जारी ई-निविदा सूचना के अनुसार, आदित्यपुर स्टेशन पर कोचिंग रेक को ठहराने (Stabling) के उद्देश्य से अतिरिक्त लाइनों का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए 9,33,42,642.50 रुपये (लगभग 9.33 करोड़) का टेंडर जारी किया गया है। निविदा के लिए ईएमडी (EMD) की राशि 18,66,900 रुपये तय की गई है।
अधिसूचना (निविदा सूचना सं. सीकेपी-ईस्ट-26-27-37) के तहत यह टेंडर 31 अगस्त 2026 को जारी किया गया है, जिसे खोलने की तारीख 22 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
READ MORE :Adityapur News :आदित्यपुर स्टेशन से दो यात्री ट्रेनों की शुरुआत, स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
क्या होगा फायदा? टाटानगर का घटेगा दबाव
आदित्यपुर स्टेशन पर अतिरिक्त स्टैबलिंग लाइन (कोचिंग रेक ठहराने की जगह) बनने से इसका सीधा फायदा पूरे कोल्हान क्षेत्र के रेल यातायात को मिलेगा। इन लाइनों के बनने से खाली ट्रेनों (रेक) को आदित्यपुर में सुरक्षित खड़ा किया जा सकेगा, जिससे टाटानगर स्टेशन के यार्ड पर ट्रेनों का भारी दबाव कम होगा। भविष्य में आदित्यपुर स्टेशन से नई ट्रेनों के खुलने और यहां यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए यह कदम एक बेहद मजबूत आधार साबित होगा।
वर्तमान में तीन एक्सप्रेस सहित आठ ट्रेनों का हो रहा है परिचालन
आपको बता दें कि फिलहाल रेलवे आदित्यपुर स्टेशन से कुल 8 ट्रेनों का परिचालन कर रहा है। इनमें तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं— आदित्यपुर-धनबाद स्वर्णरेखा एक्सप्रेस, आदित्यपुर-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस, और टाटा-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस। इन एक्सप्रेस ट्रेनों के अलावा चार पैसेंजर ट्रेनों का भी परिचालन आदित्यपुर से अस्थायी तौर पर किया जा रहा है, जिससे स्थानीय यात्रियों को काफी सहूलियत मिल रही है।

