
आदित्यपुर: अपराध और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आदित्यपुर पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे मुस्लिम बस्ती क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीम ने क्षेत्र में कई स्थानों की जांच के साथ ड्रग्स से जुड़े मामलों में चर्चित रही डोली परवीन के पुराने आवास की भी तलाशी ली।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध नशीले पदार्थ छिपाकर रखे गए हैं और संदिग्ध लोगों का आना-जाना होता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान के विभिन्न हिस्सों की सघन जांच की।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: दुर्गा पूजा पंडालों से सफाई शुल्क वसूलने का आदेश वापस, पूजा समितियों को बड़ी राहत
तलाशी में नहीं मिला नशीला पदार्थ
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान किसी तरह का नशीला पदार्थ या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि मकान में पूर्व में रहने वाले किरायेदार अब वहां से मकान खाली कर चुके हैं।
पुलिस ने परिसर और आसपास के क्षेत्र में भी जांच की। स्थानीय स्तर पर पुलिस को ऐसी सूचना मिली थी कि रात के समय कुछ असामाजिक तत्व परिसर के आसपास जुटते हैं और शराब का सेवन करते हैं। इसी सूचना के आधार पर भी पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी और जांच की।
जेल से छूटे अपराधियों पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जेल से बाहर आए अपराधियों और मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में आगे भी सघन सर्च और छापेमारी अभियान जारी रहेगा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गापूजा से पहले प्रशासन का मेगा प्लान तैयार, ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी; विसर्जन रूट और ट्रैफिक पर खास फोकस
तलाशी में बरामदगी नहीं, जांच जारी
सोमवार की कार्रवाई में डोली परवीन के पुराने आवास से किसी नशीले पदार्थ की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जांच और अपराध एवं नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है।

