
भक्तिभाव से गूंजा आदित्यपुर का सहारा गार्डन सिटी परिसर, दुर्गा पूजा की तैयारियां भी हुई शुरू
आदित्यपुर,
सहारा गार्डन सिटी, आदित्यपुर में गणेश उत्सव अत्यंत धूमधाम और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. सोसाइटी में वर्षों से गणेश पूजा, मां दुर्गा पूजा और मां काली पूजा का आयोजन पारंपरिक रूप से होता आ रहा है. इसी कड़ी में दो दिनों तक चले गणेश पूजनोत्सव में निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
धूमधाम से प्रतिमा का विसर्जन
संध्या आरती में विशेष रूप से महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी. पूजा मंडप में महाप्रसाद वितरण के साथ-साथ घर-घर जाकर लड्डू बांटे गए. दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के बाद आज गाजे-बाजे के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया, जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू
गणेशोत्सव के समापन के साथ ही सोसाइटी में आगामी मां दुर्गा पूजा के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई हैं. बच्चों और महिलाओं ने रिहर्सल करना शुरू कर दिया है. पूजा आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों के साथ-साथ पूरी सोसाइटी के निवासियों का सराहनीय योगदान रहा.
उपरोक्त जानकारी सहारा गार्डन सिटी पूजा समिति के महासचिव अरविंद कुमार सिंह ने दी.


