आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-09 में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को न्यू फिल्टर प्लांट स्थित सीताराय फुटबॉल मैदान में आयोजित आमसभा में मिरुडीह सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों और पारंपरिक ग्रामसभा के प्रतिनिधियों ने प्लांट स्थापना का पुरजोर विरोध किया। सभा में सर्वसम्मति से इसके खिलाफ आंदोलन करने और जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
पांच गांवों के प्रतिनिधि और ग्रामीण हुए शामिल
वार्ड सभा में मिरुडीह, सीतारायपुर, काशीडीह, भुवा और जोजोडीह के पारंपरिक ग्रामसभा के मांझी, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
सभा में जिला प्रशासन की ओर से किसी अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने से पहले न तो उनसे संवाद किया गया और न ही आमसभा या ग्रामसभा से सहमति ली गई।
एनओसी को लेकर भी उठाए सवाल
सभा में सीतारायपुर मांझी ग्रामसभा के रवि हांस्दा ने दावा किया कि झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जल संसाधन विभाग, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की ओर से मिरुडीह में कचरा निस्तारण प्लांट लगाने के लिए आदित्यपुर नगर निगम या किसी कंपनी को एनओसी नहीं दी गई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आवश्यक विभागीय मंजूरी और ग्रामीणों से संवाद के बिना प्लांट लगाने की तैयारी कैसे की जा रही है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन
वार्ड सभा के अंत में सर्वसम्मति से मिरुडीह में प्रस्तावित कचरा निस्तारण प्लांट की स्थापना का विरोध करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने तय किया कि इस संबंध में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को लिखित ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के जरिए ग्रामीण अपनी आपत्तियों और मांगों से सरकार को अवगत कराएंगे।
सभा में गुलिया बेसरा (मांझी ग्रामसभा, भुवा), वार्ड पार्षद दुर्गा चरण बेसरा, हेमेन्द्र महतो, चरण बेसरा, दिनेश हांस्दा, सुधाकर हांस्दा, रविन्द्र बेसरा, बाल्के, बुधराम मुर्मू, रंजीत महतो, कमल नयन महतो और शंकर मार्डी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

