
आदित्यपुर: शहर के प्रतिष्ठित ‘वनस्थली प्ले स्कूल’ में संस्थान का 10वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉक्टर नथुनी सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ करवाई गई। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। नन्हे-मुन्नों ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक और दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए।
READ MORE :Adityapur news:कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में दी श्रद्धांजलि
10 वर्षों की सफल यात्रा और उपलब्धियां
स्कूल की प्रधानाचार्या सरस्वती झा ने संस्थान की 10 वर्षों की सफल यात्रा की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा, “पिछले 10 सालों में हमारा प्रयास बच्चों को न केवल गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा देना रहा है, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए एक सुरक्षित और खुशहाल माहौल तैयार करना भी रहा है। हम अभिभावकों के निरंतर विश्वास और सहयोग के लिए उनके आभारी हैं।”
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉक्टर नथुनी सिंह ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के निदेशक देव झा ने सभी विद्यालय परिवार को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :रेल सिविल डिफेंस की ओर से लोको पायलटों को दिया गया प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं का विशेष प्रशिक्षण
स्वर्ण पदक विजेता रीत कुमारी हुईं सम्मानित
इस अवसर पर मंच पर मुख्य रूप से डॉक्टर नथुनी सिंह, रंजीत श्रीवास्तव, एस डी प्रसाद, दिग्विजय भारत, विनोद वार्ष्णेय, रंजीत कुमार तथा धनंजय सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से आस्था झा, श्रद्धा झा, दुर्गा झा, आलोक झा, रीता कुमारी तथा मंजू शर्मा का भरपूर योगदान रहा।
इस दौरान वार्ड 15 के रमेश तिवारी की पुत्री रीत कुमारी को सम्मानित किया गया, जिन्होंने गत 31 अगस्त को सरायकेला में आयोजित एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शॉटपुट, गोला फेंक और हैमर थ्रो में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। डॉक्टर नथुनी सिंह ने उन्हें मंच पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और बच्चों में मिठाई वितरण के साथ हुआ। इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।


