
जमशेदपुर: एक्सएलआरआई (XLRI) के भव्य प्रेक्षागृह में डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर का ‘सुपर एचीवर्स अवार्ड समारोह 2025-26’ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 259 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय ने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का परचम लहराने वाले छात्रों को भी मंच पर पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।


READ MORE :Jamshedpur News :टाटानगर RMS में ₹10 में राखी लिफाफे, 24×7 बुकिंग
इन प्रतिष्ठित परीक्षाओं के सफल छात्र हुए पुरस्कृत
समारोह में शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जेईई मेन (JEE MAIN) में 39 और जेईई एडवांस (JEE ADVANCE) में 13 छात्रों ने शानदार सफलता हासिल की।
नीट (NEET) में 03, सीए फाउंडेशन में 08, क्लैट (CLAT) में 01, निफ्ट (NIFT) में 04, एनआईडी (NID) में 01 और सीएस सीएमए फाउंडेशन में 01 छात्र को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सत्र 2025-26 में कक्षा तीसरी से ग्यारहवीं तक अपनी कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 48 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
डीएवी नेशनल खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले 16 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें से 9 स्वर्ण पदक विजेताओं को डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी की ओर से 5100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :475 ड्राइविंग लाइसेंस रद्द, 27 लाख जुर्माना
असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी: राजीव रंजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इनमें टाटा स्टील के चीफ कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव वरुण बजाज, रोटेरियन विनोद मेनन, डीएवी हेहल के प्राचार्य बिपिन राय और डीएवी नोवामुंडी की प्राचार्या शशिकला उपस्थित रहे।
उपायुक्त राजीव रंजन ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने भले ही चुनौतियां खड़ी कर दी हों, लेकिन याद रखें कि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है; इसलिए हमेशा बड़ा सोचें और बड़ा करें।
विद्यालय की ए.आर.ओ. एवं प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में बच्चों में नैतिकता व मूल्यों का ह्रास हो रहा है, इसलिए नैतिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास विद्यालय का मुख्य ध्येय है।
समारोह में विद्यार्थियों ने सतत विकास लक्ष्यों (SDG- 4 गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, 5 लैंगिक समानता, 10 असमानता में कमी) पर आधारित आकर्षक शास्त्रीय नृत्य, झारखंड लोक नृत्य और नृत्य नाटिका प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का समापन हेडगर्ल अशिता त्रिपाठी और हेड ब्वाय वेदांत राज त्रिवेदी के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।



