
आदित्यपुर,। आदित्यपुर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल में बुधवार को नवरात्रि पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नवरात्रि और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की महत्ता को प्रदर्शित किया।
नवदुर्गा के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा नौ छात्र-छात्राओं का मां दुर्गा के नौ स्वरूपों यानी नवदुर्गा के रूप में तैयार होना रहा। बच्चों ने शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा सहित नवदुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने विद्यालय परिसर में मौजूद शिक्षकों और विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।
रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजा स्कूल परिसर
नवरात्रि को लेकर विद्यालय परिसर को विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार की गयी आकर्षक और रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सजावट से पूरे स्कूल का वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
शिक्षकों ने की मां दुर्गा की पूजा
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रामा शंकर सिंह, वरिष्ठ शिक्षक शिव शंकर डे, प्रशासनिक प्रमुख टी. वेंकट राव सहित अन्य शिक्षकों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। सभी ने सुख, शांति, समृद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाने का अवसर देते हैं।
नवरात्रि उत्सव के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी में भक्तिभाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश भी दिया गया।


