
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मिले रघु महतो के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में शंकर सरदार, रवि महतो और भीम महतो को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में एक युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान शांतिनगर निवासी रघु महतो के रूप में की गई। मृतक की पत्नी के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
वेतन के रुपये लूटने के लिए हत्या का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक और तीनों आरोपी एक ही कंपनी में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, वेतन मिलने के बाद रघु महतो के पास मौजूद रुपये लूटने के इरादे से आरोपियों ने उसे शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के पास छोड़ दिया गया।
तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मामले में हत्या की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के आधार पर सामने आएगी।
11 हजार रुपये, मोबाइल और शर्ट बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मृतक के कथित तौर पर लूटे गए 11 हजार रुपये, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और शर्ट बरामद की है। इसके अलावा तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ अनुभवन भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा होने के बाद अब जांच में घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

