आदित्यपुर।
Adityapur में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सिंहभूम की पूर्व सांसद Geeta Koda गुरुवार को आदित्यपुर पहुंचीं। उन्होंने मार्ग संख्या 4 समेत कई क्षेत्रों में भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी Sanjay Sardar के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद करते हुए उन्होंने भाजपा के समर्थन में मतदान की अपील की।
कानून व्यवस्था पर सवाल
पत्रकारों से बातचीत में गीता कोड़ा ने राज्य की मौजूदा कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। आदित्यपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्र में अपराध बढ़ने को चिंताजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि व्यापारी कैरव गांधी अपहरण मामले का खुलासा भाजपा के लगातार दबाव के बाद ही संभव हो सका।
READ MORE :Jamshedpur News :विकसित मानगो बनाना है, जनता का साथ जरूरी है : सुधा गुप्ता
नशा और महिला सुरक्षा बना मुद्दा
पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि राज्य में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और प्रशासन इस पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रहा है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े सरकार के दावों की पोल खोलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खराब सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता परेशान है।
डराने-धमकाने के आरोप
गीता कोड़ा ने सत्ता पक्ष पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों और चुनावी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में भय का माहौल नहीं होना चाहिए। मतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर प्रशासन के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना जरूरी है।
कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व मेयर सह चुनाव संचालन समिति के संयोजक विनोद श्रीवास्तव, भाजपा जिला अध्यक्ष हरिकृष्णा प्रधान, शैलेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, सुनीता श्रीवास्तव और अमितेश अमर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में समर्थकों का उत्साह देखने को मिला।



