
सरायकेला-खरसावां। आगामी दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आदित्यपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राममडैया बस्ती से पांच अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। ये आरोपी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को आदित्यपुर थाना को खबर मिली कि दो युवक अवैध हथियार लेकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करण कुमार सिंह और टुनू लोहार को एक देशी कट्टा सहित रंगे हाथ दबोचा।
पूछताछ में दोनों ने अपने तीन अन्य साथियों के पास और हथियार होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर करण राय, अंगद कुमार और गोपाल दास उर्फ चौड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 0.315 बोर की एक राइफल और एक गोली बरामद की गई। इस प्रकार कुल पांच अपराधी हथियारों समेत पुलिस के शिकंजे में आ गए।
बरामद हथियार:
एक देशी कट्टा
एक 0.315 बोर राइफल एवं एक गोली
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण कुमार (22), टुनू लोहार (32), करण राय (23), अंगद कुमार (27) और गोपाल दास उर्फ चौड़ा (25) के रूप में हुई है। सभी आरोपी आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
READ MORE :South East Central Railway :रांची, बोकारो, रायपुर होकर चलेगी धनबाद-इतवारी फेस्टिवल ट्रेन
अपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें टुनू लोहार पर हत्या और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। वहीं, गोपाल दास पर लूट और चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों पर भी विभिन्न धाराओं के अंतर्गत आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान का हिस्सा यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।


