
गम्हरिया/आदित्यपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गम्हरिया और आदित्यपुर के श्रद्धालुओं में माता वैष्णो देवी के दर्शन को लेकर उत्साह देखने को मिला। श्रीश्री मां वैष्णवी सेवा संघ, गम्हरिया-आदित्यपुर के तत्वावधान में लगभग 60 श्रद्धालुओं का जत्था मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। छोटा गम्हरिया से रवाना हुए श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारों के साथ अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत की।
इस अवसर पर भाजपा नेता हरेलाल महतो और ईचागढ़ के पूर्व विधायक मलखान सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: एनआईटी कोऑपरेटिव सोसायटी के दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने काटा फीता
हरेलाल महतो ने अंगवस्त्र देकर किया श्रद्धालुओं का स्वागत
यात्रा पर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं के लिए स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नेता हरेलाल महतो ने श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और माता वैष्णो देवी के सुखद दर्शन की मंगलकामना की।वहीं, छोटा गम्हरिया से जत्थे की रवानगी के अवसर पर ईचागढ़ के पूर्व विधायक मलखान सिंह ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
राकेश झा के नेतृत्व में रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
श्रीश्री मां वैष्णवी सेवा संघ के वरिष्ठ सदस्य राकेश झा के नेतृत्व में लगभग 60 श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकले हैं।संघ की ओर से प्रत्येक वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए सामूहिक यात्रा आयोजित की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ है।
संघ के सदस्यों के अनुसार, इस यात्रा में गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न परिवारों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों से जुड़े श्रद्धालु शामिल हैं।
वैष्णो देवी के बाद हरिद्वार और ऋषिकेश में भी करेंगे पूजा-अर्चना
श्रद्धालुओं का जत्था सबसे पहले माता वैष्णो देवी के दर्शन करेगा। इसके बाद सभी श्रद्धालु उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों हरिद्वार और ऋषिकेश जाएंगे।वहां विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दर्शन एवं पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित है।संघ के सदस्यों ने बताया कि इस सामूहिक यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है।
READ MORE:ADITYAPUR NEWS: आदित्य सिंडिकेट दुर्गा पूजा पंडाल का अनोखा उद्घाटन, बुजुर्ग माताओं ने काटा फीता, आशीर्वाद लेकर शुरू हुआ उत्सव
सामाजिक और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग रहे उपस्थित
श्रद्धालुओं की रवानगी के अवसर पर श्री मां वैष्णवी सेवा संघ के प्रमुख सदस्य एवं स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह, मंच के प्रांत विचार विभाग प्रमुख जटाशंकर पांडे, बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एचआर प्रमुख भुवनेश पारीक, समाजसेवी विकास राय, सौरभ साहू और आदित्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा भाजपा नेता अमित सिंह देव, राजन, प्रमोद अग्रवाल, देबू गिरि, अभिषेक और पूर्व नौसेना अधिकारी प्रमोद शर्मा सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना की।
माता रानी के जयकारों के बीच रवाना हुआ यह जत्था धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दे रहा है।

