
आदित्यपुर: सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर में इंटर-हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में करीब 110 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मैच देखने को मिले।
जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में नेहरू हाउस ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए गांधी हाउस को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, गर्ल्स वर्ग के फाइनल में नेताजी हाउस ने नेहरू हाउस को 2-0 से पराजित कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
सीनियर बॉयज इंटर-क्लास प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में कक्षा 9 की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, खिताबी मुकाबले में कक्षा 12 की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कक्षा 9 को 3-1 से हराकर ट्रॉफी जीत ली।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य रामा शंकर सिंह ने सभी विजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राचार्य ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए खेल शिक्षिका रीना कुमारी, दीपक कुमार पांडेय और सभी हाउस मास्टर्स के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्व समझने का अवसर दिया।


