आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-22 की पार्षद अंजू देवी के पति एवं सामाजिक कार्यकर्ता संजीव कुमार सिंह उर्फ बबुआ सिंह पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीती रात करीब 11 बजे एस टाइप कॉलोनी स्थित उनके आवास एस-26/8 के पास कुछ लोगों ने पिस्टल के बट से उन पर हमला किया। घटना में उनके बाएं हाथ और कनिष्ठा अंगुली में चोट आई है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: चुना भट्टा बस्ती में पारंपरिक तरीके से हो रही मां काली की पूजा, चंपाई सोरेन ने किया पंडाल का उद्घाटन
घर से बुलाकर किया हमला, स्थानीय लोगों ने आरोपियों को घेरा
बबुआ सिंह के अनुसार, घटना के समय आरोपी उन्हें और उनकी पत्नी को जान से मारने की नीयत से उनके घर पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें घर से बुलाकर नीचे ले जाया गया। आरोप है कि नीचे पहुंचते ही हमलावरों ने पिस्टल के बट से उन पर वार कर दिया।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के स्थानीय लोग वहां एकत्रित हो गए। लोगों ने कथित आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। हालांकि, बाद में आरोपी मौका पाकर वहां से भागने में सफल रहे।
READ MORE :JHARKHAND RAIL NEWS: छठ पर टाटानगर-छपरा समेत 5 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, झारखंड-बिहार के यात्रियों को मिलेगी राहत
आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले में संजीव कुमार सिंह उर्फ बबुआ सिंह ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कॉलोनी के ही अजेश सिंह, अमित, अमित के भाई और दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान और मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद एस टाइप कॉलोनी में तनाव और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

