आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आदित्यपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ व्रती पूजा की आवश्यक सामग्री की खरीदारी में जुट गए हैं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। आदित्यपुर थाना रोड और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास स्थायी एवं अस्थायी दुकानें सज गई हैं, जहां सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही देखी जा रही है।
बाजार में छठ पूजा के लिए जरूरी पारंपरिक सामग्री की बिक्री हो रही है। दुकानों पर दऊरा, सूप, टोकरी, केला, गागल, सेब, नारियल, संतरा, अमरूद, गाजर, शकरकंद, अनानास और कोंहड़ा सहित कई तरह के फल एवं पूजन सामग्री उपलब्ध हैं। व्रती और उनके परिवार के सदस्य अपनी जरूरत के अनुसार सामग्री खरीद रहे हैं।
बाजारों में बढ़ी चहल-पहल
छठ पर्व में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की दुकानें सजने से आदित्यपुर के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। स्थायी दुकानों के साथ अस्थायी दुकानें भी लगाई गई हैं, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर पूजा की कई आवश्यक वस्तुएं मिल रही हैं।
महापर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी का सिलसिला तेज हो रहा है। आने वाले दिनों में छठ पूजा की तैयारियों के साथ बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।

