खरकई नदी घाट से जयप्रकाश उद्यान, सपड़ा और कुलुपटांगा तक किया भ्रमण; शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और सफाईकर्मियों का जताया आभार
आदित्यपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ गुरुवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया और भगवान भास्कर की आराधना कर नगरवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मेयर संजय सरदार ने सबसे पहले खरकई नदी घाट पहुंचकर जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने घाट पर मौजूद छठ व्रतियों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: व्यवसायी संघ ने 37 वर्षों से कायम रखी छठ सेवा की परंपरा, व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री
कई छठ घाटों का किया दौरा
मेयर ने अपने भ्रमण के दौरान जयप्रकाश उद्यान छठ घाट, सपड़ा छठ घाट, रोड नंबर-32, रोड नंबर-7 और कुलुपटांगा छठ घाट का भी दौरा किया। सभी घाटों पर उन्होंने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
READ MORE:ADITYAPUR NEWS: छठ महापर्व को लेकर आदित्यपुर नगर निगम की तैयारी पूरी, 35 वार्डों में सफाई अंतिम चरण में
प्रशासन और सफाईकर्मियों की सराहना
छठ महापर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होने पर मेयर ने संतोष जताया। उन्होंने बेहतर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन तथा पुलिस बल के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेयर ने छठ पूजा समितियों के सदस्यों और नगर निगम के सफाईकर्मियों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण से पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।


