आदित्यपुर: सितवंती देवी महिला कल्याण संस्थान की इकाई नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आदित्यपुर में बुधवार को एमबीबीएस के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत में द्वितीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘मेडनोवा-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा, मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि डॉक्टर बनना केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान एवं उत्कृष्टता, करुणा एवं मानवता तथा सामाजिक जिम्मेदारी को चिकित्सा क्षेत्र में सफलता का मूलमंत्र बताया।
उन्होंने कहा कि मरीज अस्पताल में केवल बीमारी लेकर नहीं आता, बल्कि उसके साथ भय, चिंता और उम्मीद भी जुड़ी होती है। ऐसे में डॉक्टर का संवेदनशील व्यवहार और मरीज के प्रति सहानुभूति भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद झारखंड के ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े पर जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर, 15 लोगों ने किया रक्तदान
रैगिंग मुक्त रहेगा मेडिकल कॉलेज : मदन मोहन सिंह
कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज पूरी तरह रैगिंग मुक्त संस्थान है। अगले साढ़े चार वर्षों तक संस्थान विद्यार्थियों के अभिभावक की भूमिका निभाएगा और उनके शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास में सहयोग करेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई की गुणवत्ता और शैक्षणिक सत्र के समयबद्ध संचालन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और चिकित्सा शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: 25 साल बाद घर लौटे बुजुर्ग को परिजनों ने अपनाने से किया इनकार, ‘सम्पूर्ण आश्रय’ ने दिया सहारा
रांची में तीसरे मेडिकल कॉलेज का निर्माण जारी
चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि संस्थान की ओर से रांची में तीसरे मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। यहां वर्ष 2028 से 150 एमबीबीएस सीटों पर पढ़ाई शुरू करने की योजना है। इससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा और भविष्य में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
फैकल्टी, अभिभावक और विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संस्थान के फाउंडर तेज नारायण सिंह, फैकल्टी सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केएन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


