आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को वार्ड सभा में पारित 10 प्रस्तावों के विरोध में बुधवार को स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी (सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब) के नेतृत्व में सैकड़ों कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर प्रस्तावित निर्माण कार्यों के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि मैदान के मूल स्वरूप और खुलेपन के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: साउथ पार्क गोलचक्कर के पास स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ऑटो में लगी आग, जलकर हुआ राख
10 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल बनाने की योजना का विरोध
स्थानीय लोगों की मुख्य आपत्ति मैदान के पूर्वी हिस्से में प्रस्तावित 10 फीट ऊंची चहारदीवारी, ओपन जिम, कोर्ट और अन्य पक्के निर्माण को लेकर है। उनका कहना है कि इन निर्माण कार्यों से मैदान का खुलापन समाप्त हो जाएगा और भविष्य में सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए उपलब्ध स्थान भी प्रभावित होगा।
दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष बबलू सिंह ने आरोप लगाया कि वार्ड सभा में स्थानीय लोगों की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित किए बिना ही 10 प्रस्ताव पारित कर दिए गए। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के दौरान अधिकांश परिवारों के बाहर रहने की संभावना को देखते हुए 12 नवंबर को महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 17 नवंबर की बैठक स्थगित करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद बैठक आयोजित कर प्रस्ताव पारित कर दिए गए।
हरियाली और रोशनी के पक्ष में कमेटी
बबलू सिंह ने स्पष्ट किया कि कमेटी मैदान के विकास के विरोध में नहीं है। कमेटी चाहती है कि मैदान में हरियाली बढ़ाई जाए, घास लगाई जाए और बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो। लेकिन चहारदीवारी, ओपन जिम, कोर्ट और अन्य स्थायी निर्माण के जरिए मैदान के स्वरूप में बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं, राणा सिंह ने मैदान में मॉल की गाड़ियों की पार्किंग होने संबंधी आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि मैदान को लेकर लगाए जा रहे ऐसे आरोप वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते।
READ MORE :BIHAR RAILWAY NEWS: छठ के बाद बिहार से दिल्ली-मुंबई जाने के लिए स्पेशल ट्रेनें, नवंबर-दिसंबर में सीटों की उपलब्धता की पूरी लिस्ट देखें
पूर्व पार्षद ने भी वार्ड सभा की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
पूर्व पार्षद सुधीर सिंह ने भी वार्ड सभा की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पारित प्रस्तावों को तत्काल रद्द करने की मांग की। उनका कहना था कि वार्ड में 4,500 से अधिक मतदाता हैं। ऐसे में बेहद कम लोगों की मौजूदगी में लिए गए फैसलों को पूरे वार्ड की सहमति नहीं माना जा सकता।
25 नवंबर के बाद होगी बड़ी आमसभा
विवाद के बीच कॉलोनीवासियों ने घोषणा की है कि 25 नवंबर के बाद व्यापक आमसभा आयोजित की जाएगी। इसमें मैदान के भविष्य, प्रस्तावित निर्माण कार्यों और वार्ड सभा के फैसलों पर सामूहिक रूप से चर्चा की जाएगी। साथ ही आगे की आंदोलनात्मक रणनीति भी तय की जाएगी।
फिलहाल एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के विकास को लेकर स्थानीय लोगों और वार्ड सभा के प्रस्तावों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। अब सबकी नजर आगामी आमसभा और नगर निगम प्रशासन के रुख पर टिकी है।


