आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना में उनके सगे भाई और गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्य प्रकाश सुधांशु पर गोली चलाने का आरोप लगा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली डॉ. ओपी आनंद की पीठ में लगी। घटना के बाद उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती सूचना में उनकी हालत चिंताजनक बताई गई है।
पत्नी ने पुलिस को दी घटना की सूचना
बताया जा रहा है कि डॉ. ओपी आनंद की पत्नी ने पुलिस को फोन कर गोलीबारी की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि सत्य प्रकाश सुधांशु ने उनके पति को गोली मारी है। सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पारिवारिक विवाद की आशंका, आरोपी का मोबाइल बंद
प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। घटना के बाद से सत्य प्रकाश सुधांशु का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि डॉ. ओपी आनंद की पीठ में गोली लगी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियार और पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

