आदित्यपुर: छठ महापर्व को लेकर आदित्यपुर-2 स्थित ऐतिहासिक कुलुपटांगा छठ घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ व्रतियों, विशेषकर महिलाओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष घाट पर 10 प्रसाधन कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गाय का दूध और आम का दातुन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर श्री श्री राम मंदिर नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनय कृष्ण राजू ने की।
घाट पर रोशनी और बुनियादी सुविधाओं की होगी व्यवस्था
बैठक में निर्णय लिया गया कि कुलुपटांगा छठ घाट और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर बेहतर विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गाय का दूध तथा आम के दातुन की व्यवस्था भी समिति की ओर से की जाएगी।
घाट की सफाई नहीं होने पर जताई चिंता
बैठक में सदस्यों ने घाट की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। समिति के अनुसार, अब तक नगर निगम की ओर से घाट की साफ-सफाई का काम शुरू नहीं किया गया है। नदी के तल यानी रिवर बेड की सफाई भी जरूरी है।
घाट की सीढ़ियों से राधास्वामी स्थल तक काफी झाड़ियां उग आई हैं। इससे छठ के दौरान पार्किंग और श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा आदित्यपुर कॉलोनी से छठ घाट तक जाने वाली सड़क और रास्ते में स्थित नालियों की सफाई भी अब तक नहीं कराई गई है।
गोताखोरों और मेडिकल टीम की तैनाती की मांग
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समिति ने जिला प्रशासन से घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती करने की मांग की है।
समिति ने किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: चुना भट्टा बस्ती में पारंपरिक तरीके से हो रही मां काली की पूजा, चंपाई सोरेन ने किया पंडाल का उद्घाटन
नगर निगम और जिला प्रशासन से आठ सूत्री मांग
समिति ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन से निम्नलिखित व्यवस्थाएं अविलंब सुनिश्चित कराने की मांग की है:
- कुलुपटांगा छठ घाट की समुचित साफ-सफाई।
- नदी के रिवर बेड की सफाई।
- घाट की सीढ़ियों से राधास्वामी स्थल तक झाड़ियों की कटाई।
- आदित्यपुर कॉलोनी से छठ घाट तक जाने वाली सड़क की सफाई।
- रास्ते की नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था।
- श्रद्धालुओं के आवागमन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था।
- प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की पर्याप्त तैनाती।
- मेडिकल टीम, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था।
समिति ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और व्रतियों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए समिति अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेगी।
बैठक में ये लोग थे उपस्थित
बैठक में ओमप्रकाश सिंह, संतोष चौबे, नीरज सिंह, संजय, अजय पांडे, चुन्नू और स्वप्निल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

