
आदित्यपुर। मिथिला संकीर्तन मंडली के तत्वावधान में आदित्यपुर के वीर कुंवर सिंह मैदान, रोड नंबर 7-8 में शनिवार को ‘बोल बम भजन संध्या’ का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिथिला समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। देर शाम तक चले कार्यक्रम में शिव भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
शिव भजनों से भक्तिमय हुआ वीर कुंवर सिंह मैदान
भजन संध्या का शुभारंभ अशोक झा प्रेमी की गुरु वंदना से हुआ। इसके बाद स्थानीय और आमंत्रित कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में बीरेन्द्र उपाध्याय, प्रिशा झा, मनीषा भास्कर और चंद्र मोहन झा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा मैदान लगातार ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता रहा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ मिथिला समाज की सांस्कृतिक एवं सामुदायिक परंपराओं को भी मजबूत करना है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मिथिला सांस्कृतिक परिषद 20 सितंबर को लगाएगी रक्तदान शिविर, रघुवर दास समेत कई अतिथि होंगे शामिल
अनंत पूजा पर बाबा धाम जाने की है परंपरा
कार्यक्रम के दौरान मिथिला समाज की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा की जानकारी भी दी गई। समाज के श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष अनंत पूजा के अवसर पर सरदार बम अजय ठाकुर के मार्गदर्शन में बाबा धाम, देवघर की यात्रा करते हैं।
श्रद्धालुओं की टोली सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा धाम तक पैदल यात्रा करती है। कांवर यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर कीर्तन और भजन का आयोजन होता है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ यात्रा पूरी करते हैं।
शनिवार को आयोजित भजन संध्या को इसी वार्षिक बाबा धाम यात्रा से पहले की धार्मिक तैयारी और सामुदायिक उत्साह के रूप में देखा गया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति के अध्यक्ष मानस मिश्रा, महासचिव चन्द्रशेखर झा, वार्ड नंबर 29 की पार्षद अर्चना सिंह और मिथिला सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष आकाश मिश्रा शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मिथिला संकीर्तन मंडली के अध्यक्ष रंजीत नारायण मिश्र, अशोक झा प्रेमी, ओमप्रकाश ठाकुर, सरोज कुमार झा, राजेश रंजन, बमबम मिश्र, मिक्की, शंकर ठाकुर, विनोद खां, पंकज मिश्रा, कुमोद खां, त्रिलोक मिश्रा, लक्ष्मण झा, राजकुमार मिश्रा, ब्रह्मानंद झा, सुमन झा, प्रदीप झा, श्यामल सुमन, सतीश झा, सर्वेश कुमार और बुचकुन खां समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

