
आदित्यपुर। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए आदित्यपुर में दुर्गा पूजा वॉच टावर का उद्घाटन किया गया। सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज, गम्हरिया के अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर वॉच टावर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ तीन शिफ्टों में पुलिस बल और महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: ब्लू स्टार मेलियेबल के नए कार्यालय में मना एथनिक डे, पारंपरिक परिधानों में दिखे कर्मचारी
वॉच टावर से ट्रैफिक और भीड़ पर रहेगी नजर
उद्घाटन समारोह में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने कहा कि वॉच टावर का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा और सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि वॉच टावर के माध्यम से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा। साथ ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर नजर रखी जाएगी।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस और प्रशासन का प्रयास है कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तीन शिफ्टों में 24 घंटे पुलिस बल और महिला कांस्टेबल की तैनाती
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है। दुर्गा पूजा के दौरान तीन शिफ्टों में 24 घंटे पुलिस बल और महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
उन्होंने कहा कि इमली मैदान सहित अधिक भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इससे भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।
वहीं, गम्हरिया अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि आगामी चार दिनों तक विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि दर्शनार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिले।
विसर्जन तक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रहेगी शांति समिति
आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं शांति समिति के सक्रिय सदस्य पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन जुलूस तक समिति के सदस्य 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहेंगे।उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वॉच टावर के समीप सरायकेला-खरसावां स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ आपातकालीन सेवा के लिए तैनात रहेगी।पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि शांति समिति का प्रयास है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा पंडालों का भ्रमण करें और सुरक्षित अपने घर लौटें।
READ MORE :Jamshedpur News :दुर्गा पूजा में विधायक संजीव सरदार की अनोखी पहल, 32 पूजा समितियों को मेडिकल फर्स्ट एड किट दे रहे विधायक
अतिथियों का बुके देकर किया गया स्वागत
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मंच संचालन पुरेंद्र नारायण सिंह ने किया। उद्घाटन समारोह में पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का पुरेंद्र नारायण सिंह तथा समाज वैज्ञानिक रवींद्रनाथ चौबे ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।समारोह में रवींद्रनाथ चौबे ने भी अपने विचार रखे और दुर्गा पूजा के दौरान सामाजिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया।
उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समाजसेवी रविंद्र कुमार सिन्हा, संजय सिंह, देव प्रकाश देवता, उदित यादव, प्रभात रंजन, संतोष कुमार सिंह, प्रभास कुमार झा, विपिन बिहारी प्रसाद, मनोज पासवान, रामचंद्र पासवान, जवाहरलाल सिंह, कैलाश शाह, मुकेश गिरी, अजय यादव, राकेश कुमार, राजेश यादव और अरविंद पासवान उपस्थित रहे।इसके अलावा सेवानिवृत्त डीएसपी सरयू पासवान, सत्येंद्र प्रभात और विनोद जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।कार्यक्रम के अंत में शिक्षाविद एसडी प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

