
आदित्यपुर: शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर आदित्यपुर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शुरू कर दिया है। सोमवार शाम सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने आदित्यपुर क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: दुर्गा पूजा पंडालों से सफाई शुल्क वसूलने का आदेश वापस, पूजा समितियों को बड़ी राहत
एम-टाइप में पंडाल का निरीक्षण, एंट्री-एग्जिट पर फोकस
एसपी ने आदित्यपुर एम-टाइप स्थित प्रवीण सेवा स्मृति संस्थान की ओर से तैयार किए जा रहे दुर्गा पूजा पंडाल का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था, संभावित भीड़ और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए एंट्री और एग्जिट पॉइंट को व्यवस्थित रखा जाए।
जयप्रकाश उद्यान से हातिल फर्नीचर तक पार्किंग की जांच
पंडाल निरीक्षण से पहले एसपी ने जयप्रकाश उद्यान और हातिल फर्नीचर के पास प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का भी जायजा लिया। पूजा के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस और नगर निगम के स्तर पर पार्किंग स्थलों में पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: मुस्लिम बस्ती में पुलिस का सर्च ऑपरेशन, डोली परवीन के पुराने घर की भी ली तलाशी
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त CCTV कैमरे लगेंगे
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जमशेदपुर से सटे प्रमुख पूजा पंडालों से सुरक्षा निरीक्षण की शुरुआत की गई है।
उन्होंने बताया कि पहले से लगे CCTV कैमरों के अलावा संवेदनशील मार्गों और प्रमुख पूजा पंडालों के आसपास अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करना है।
पार्किंग स्थलों पर लाइटिंग और बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए पुलिस नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।
प्रकृति, पहाड़ और मां काली के रूप दिखेंगे पंडाल में
प्रवीण सेवा स्मृति संस्थान के संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि पूजा समिति की ओर से प्रशासन की गाइडलाइन और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय और प्राथमिक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई है। इस वर्ष पंडाल की थीम को विशेष रूप दिया गया है। इसमें प्रकृति, पहाड़ और जीव-जंतुओं के साथ मां काली के विभिन्न स्वरूपों की झलक श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी।
पुलिस और पूजा समिति के सदस्य रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, ट्रैफिक प्रभारी राजू, पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सहित पुलिस अधिकारी और पूजा समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए पुलिस की ओर से पंडालों, प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों पर विशेष निगरानी की तैयारी की जा रही है।

