
सिमरी बख्तियारपुर(सहरसा) से ब्रजेश भारती की रिपोर्ट ।

केन्द्रीय हज कमेटी के चैयरमैन सह खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी महबूब अली कैशर ने सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी हालचाल जाना और उनकी परेशानियों को भी सुना।उसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अस्पताल के सम्बन्ध में आम लोगों से शिकायतें मिल रही थी कि यहाँ ईलाज के क्रम में लोगों को नि:शुल्क दवाये तथा अन्य सुविधायें नहीं दी जा रही हैं। इसके अलावा आमतौर पर ड्यूटी स्टाफ तथा डॉक्टर ससमय मौजूद नहीं रहते हैं और इलाज के बजाय डॉक्टर मरीजो के साथ रैफर पद्धति अपना रहे है। अस्पताल के निरीक्षण के क्रम में लोगों का यह आरोप सही पाया गया। अस्पताल में जो महिलायें भर्ती थी उन्होंने भी सांसद को बताया कि अस्पताल में दवा आदि नहीं दिया जा रहा। निरीक्षण के उपरांत सांसद ने चिकित्सक डॉ नरेंद्र कुमार से कहा कि आवश्यक हो तभी रैफर करे, अनावश्यक रैफर ना करे। सांसद ने कहा कि इस बारे में जिला पदाधिकारी से बात किया जायेगा तथा पटना लौटने पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री को इस स्थिति की जानकारी दी जायेगी। इस मौके पर लोजपा के प्रदेश महासचिव युसूफ सलाउद्दीन, संजीव भगत, समाजसेवी अबू ओसामा, हसनैन मोहसिन, मो फिरोज आलम सहित अन्य मौजूद थे।

