
गम्हरिया


—–
औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित नानक स्टील कंपनी में विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा छापेमारी की गई। इस छापेमारी में विद्युत अधीक्षण अभियंता मनमोहन कुमार, कार्यपालक अभियंता पंकज तिवारी, कार्यपालक अभियंता एमआरटी केएम नेहा, कार्यपालक अभियंता आईटी अमित शर्मा, सहायक अभियंता एमआरटी प्रणव तिवारी, सहायक विद्युत अभियंता, कनीय अभियंता अनुप महतो समेत कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। गुरुवार को दोपहर में प्रारंभ हुई छापेमारी देर रात तक जारी रही। छापेमारी की सूचना पाकर एसिया अध्यक्ष इन्दर अग्रवाल, महासचिव संतोष खेतान, उपाध्यक्ष दीपक डोकानिया, नंद किशोर अग्रवाल, एफजेसीसीआइ के उपाध्यक्ष आलोक चैधरी, अजय गुप्ता, संगम अग्रवाल समेत कई उद्यमी दशरथ उपाध्याय आदि भी कंपनी परिसर पहुँचे और इसका विरोध करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से छापेमारी के बावत जानकारी लिया। उन्होंने विद्युत चोरी का पुख्ता सबूत लिखित देने की मांग अधिकारियों से किया। संतोष खेतान ने आरोप लगाया कि छापामारी में कंपनी मालिक अमित गुप्ता को फंसाने का कुचक्र रचा गया है। मीटरिंग यूनिट का सील से लेकर मीटर रुम के लाॅक को भी विभाग के अधिकारियों ने ही तोड़ डाला है। उन्होंने इस मामले को लेकर जोरदार आंदोलन चलाने की घोषणा की है। इधर मामले की गंभीरता को मद्देनजर जिला प्रशासन के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कंपनी परिसर पहुँचे। छापामारी में शामिल विद्युत विभाग के अधिकारियों को सुरक्षा प्रदान करते हुए उद्यमियों से जाँच में सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा बार-बार मीटर जल जाने की शिकायत की जाती थी। तत्पश्चात् संदेह होने पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि कंपनी में जिस रुम में ट्रान्सफरमर लगाया गया है उसे विद्युत विभाग द्वारा सील कर दिया गया था। किन्तु प्रथम द्रष्ट्या जाँच के दौरान पाया गया कि उस कमरे में अलग से बोल्ट सिस्टम किया गया है ताकि आसानी से रुम को खोला जा सके। इसके अलावा मीटरिंग यूनिट से भी छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभी जाँच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

